सहारनपुर। महाबंदी के अगले ही दिन सोमवार को शहर के लोग फिर से सोशल डिस्टेंसिंग सहित अन्य सावधानियों के प्रति लापरवाह नजर आए। सड़कों पर राहगीरों से लेकर वाहनों की लंबी कतारों का आलम यह रहा कि कई जगहों पर एक से डेढ़ घंटे तक जाम के हालात बने रहे। ऐसे में दो गज की दूरी के नियम की तो धज्जियां ही उड़ गईं। ट्रैफिक से लेकर सिविल पुलिस की टीमों को भीड़ को संभालने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।
शहर में दोपहर 12 बजे के बाद जिला अस्पताल रोड, लिंक रोड, बाजोरिया रोड और कोर्ट रोड पर घंटों तक वाहन लंबी कतारों में लगे रहे। गर्मी और जाम से राहगीरों को खासी परेेशानी हुई। सबसे बुरा हाल जिला अस्पताल रोड का रहा। यहां पुलिस टीमों को जाम खुलवाने में अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। कोरोना संक्रमण के बीच इस लापरवाही का यह हाल तब है जब संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार तेजी से बढ़ रही है। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि पुलिस और प्रशासन स्तर पर टीमें लगातार व्यापारियों से लेकर आम लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव और भीड़ से बचने के प्रति जागरूक कर रहीं हैं, लेकिन कुछ लोग लगातार लापरवाही कर रहे हैं। उन्हें इससे बचना चाहिए। जो लापरवाही करेंगे और नियमों का उल्लंघन करेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।