फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आखिर ऐसा क्या हुआ कि सफाईकर्मियों ने मिठाई की दुकान में कूड़ा फेंका

Sat, 30 Dec 2017 12:04 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, सहारनपुर
विज्ञापन
मिठाई की दुकान में कूड़ा फेंकते सफाई कर्मचारी। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
सहारनपुर में कलक्ट्रेट के ठीक सामने दुकानदार और महिला सफाई कर्मचारी के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सफाई कर्मियों ने मिठाई की दुकान के भीतर और बाहर कचरा फैला दिया। इसके बाद नगर निगम में महापौर और नगरायुक्त का घेराव कर जमकर हंगामा किया। 
विज्ञापन


 सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, मगर इस मामले का कोई हल नहीं निकल पाया है। दोनों पक्षों की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है। संविदा सफाईकर्मी ममता पत्नी राजकुमार शुक्रवार की सुबह दिल्ली रोड स्थित नारंग स्वीट्स के बाहर सफाई कर रही थी।

आरोप है कि दुकानदार ने जातिसूचक शब्द के साथ गाली देते हुए ठीक से सफाई करने की बात कही। महिला ने जातिसूचक शब्दों और गाली का विरोध किया। इसके बाद दुकानदार ने दुकान के भीतर का कचरा भी बाहर साफ किए गए हिस्से में फैला दिया। कुछ ही देर बाद उसने फोन कर स्थानीय पार्षद संजय गर्ग को भी मौके पर बुलाया।
विज्ञापन


इसके बाद पार्षद ने भी दुकानदार का पक्ष लेते हुए दुकानदार के तरीके से सफाई करने को कहा। आरोप है कि इसके बाद दुकानदार ने महिला के साथ धक्कामुक्की की। महिला का आरोप है कि दुकानदार ने उसका दुपट्टा उतारने की कोशिश की। यह होता देख पास में ही सफाई कर रहा दूसरा सफाईकर्मी जब बीच-बचाव करने आया तो उसके साथ मारपीट कर दी गई।

इसके बाद महिला वहां से चली गई। कुछ ही देर बाद बड़ी संख्या में सफाई कर्मी कचरा लेकर दुकान पर पहुंचे और दुकान के अंदर और बाहर फैला दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई। मौका देख पार्षद वहां से निकल गए। कचरा फैलाने के बाद सफाई कर्मियों ने दुकानदार और उसका साथ देने वाले पार्षद के विरुद्घ नारेबाजी की। 

उधर, नारंग स्वीट्स के स्वामी ने महिला द्वारा लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद करार दिया है। उन्होंने बताया कि महिला को केवल अच्छे से सफाई करने की बात कही थी, जिसके बाद महिला बिगड़ गई। 
सदर कोतवाली प्रभारी यज्ञ दत्त शर्मा ने बताया कि महिला की ओर से पार्षद संजय गर्ग, नारंग स्वीट्स के स्वामी और उसके बेटे के खिलाफ तहरीर दी गई है। 

नारंग स्वीट्स के मालिक की ओर से भी आठ सफाई कर्मियों के विरुद्ध तहरीर दी गई है। इस मामले से  अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आरोपियों की गिरफ्तारी के ‌लिए हड़ताल पर गए सफाईकर्मी
नारंग स्वीट्स के बाहर हंगामा करने के बाद सफाई कर्मी नगर निगम पहुंचे। देखते ही देखते उनकी संख्या सैकड़ों में हो गई। उन्होंने नगरायुक्त गौरव वर्मा का घेराव करते हुए आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराकर गिरफ्तारी कराने की मांग की। नगरायुक्त द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने पर सफाई कर्मियों ने उनके कार्यालय में ही जोरदार नारेबाजी की। इसके बाद सभी सफाई कर्मी बाहर आ गए।

कुछ ही देर बाद महापौर संजीव वालिया जैसे ही नगर निगम पहुंचे सफाई कर्मियों ने उनको घेर लिया। महापौर ने सफाई कर्मियों की बात सुनी। साथ ही पीड़ित महिला से भी अलग से बात की। उन्होंने कहा कि मामले की जांच होगी। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इससे नाराज सफाई कर्मियों ने महापौर पर दुकानदार का बचाव करने का आरोप लगाया और बाहर निकल आए। चेतावनी दी कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे, तब तक वह काम नहीं करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें