सहारनपुर में घने कोहरे के बीच बाजोरिया पुल से होकर जाते वाहन
- फोटो : टीम के साथ बैठक करते डीएम व एसपी।
- धूप के बीच शीतलहर चलने से रहा सर्दी का असर, घरों के भीतर रही ठिठुरन
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। सुबह के समय घने कोहरे और शीतलहर ने कंपकंपी छुड़ाए रखी। दोपहर में खिली धूप रही, जिसकी वजह से अधिकतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया, लेकिन शीतलहर के कारण सर्दी का असर रहा। घरों के भीतर ठिठुरन रही।
जनपद में बीते छह दिन से सर्दी जोर पकड़ रही है। प्रतिदिन रात और सुबह के समय घना कोहरा लोगों को परेशान कर रहा है। घने कोहरे के कारण हाईवे पर वाहन गति नहीं पकड़ पा रहे हैं। हालांकि रविवार की सुबह कोहरा आसमान में चढ़ने की वजह से दृश्यता 500 मीटर से अधिक रही। लेकिन कोहरे के साथ शीतलहर चलने से लोगों को सर्दी का असर अधिक महसूस हुआ।
पूर्वाह्न करीब 11 बजे कोहरा छंटा और हल्की धूप निकल आई। इसके बाद शाम चार बजे तक धूप रही, जिसने लोगों को सर्दी से राहत दिलाने का काम किया। हालांकि चार बजे के बाद फिर से सर्द बढ़ती चली गई। न्यूनतम तापमान शनिवार के समान 10 डिग्री सेल्सियस ही रहा, जबकि अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई और वह बढ़कर 17 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग ने सोमवार को भी घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। मंगलवार से कोहरा कम हो सकता है।