सहारनपुर के सरसावा क्षेत्र में बिना अनुमति के सम्मेलन करने और जाम लगाने के 14 साल पुराने मामले में अधिवक्ता प्रवेश गुर्जर ने एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश होकर जमानत कराई है। इस मामले में अदालत ने सहारनपुर एसएसपी को भी आदेश दिए थे कि भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत को गिरफ्तार कर 24 मई को अदालत में पेश किया जाए।
विशेष लोक अभियोजक एमपी-एमएलए कोर्ट गुलाब सिंह ने बताया कि थाना सरसावा क्षेत्र में 20 मई 2010 को बिना अनुमति के सम्मेलन किया गया था, जिसमें भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत भी शामिल हुए। सम्मेलन से निकली भीड़ ने मांगों को लेकर अंबाला हाईवे जाम कर दिया था। इस मामले में नरेश टिकैत, इमरान मसूद सहित कई आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।