-मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय ने खोले हुए हैं स्नातक और स्नातकोत्तर में प्रवेश के पंजीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों और संस्थानों में संचालित स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण चल रहे हैं। स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों का परीक्षा परिणाम जारी न होने से पंजीकरण नहीं हो रहे हैं।
विश्वविद्यालय से 347 महाविद्यालय और निजी संस्थान संबद्ध हैं। इनमें 11 राजकीय, दस एडेड और 326 सेल्फ फाइनेंस कॉलेज शामिल हैं। विश्वविद्यालय ने करीब 15 दिन पहले स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की हुई है। स्नातक में प्रवेश के लिए पंजीकरण चल रहे हैं लेकिन स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में अभी तक कोई पंजीकरण नहीं हुआ है।
परीक्षा परिणाम जारी होने का इंतजार करने वालों की संख्या हजारों में है। उधर, विश्वविद्यालय के प्रवेश समन्वयक प्रो. संजय गुप्ता ने बताया कि स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों का परीक्षा परिणाम तैयार किया जा रहा है, जो 15 जून के बाद कभी भी जारी होगा। इसी वजह से प्रवेश के लिए पंजीकरण नहीं हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रवेश पंजीकरण के लिए विश्वविद्यालय स्नातकोत्तर के विद्यार्थियों को भी पूरा मौका देगा। ऐसे में छात्र परेशान न हों।