सहारनपुर। चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध लगाने को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। इसके लिए अपर जिलाधिकारी प्रशासन एसबी सिंह ने शहर में तीन और सभी तहसीलों में एक-एक टीम का गठन किया है। ये टीमें अपने अपने क्षेत्र में छापा मारकर चाइनीज मांझे को न सिर्फ जब्त करेंगी बल्कि उसे नष्ट भी करेंगी।
चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध लगाने को कड़ा रुख अपनाते हुए अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने बृहस्पतिवार को शहर में तीन और सभी तहसीलों में एसडीएम और थाना प्रभारी की टीमों का गठन किया है। अपर जिलाधिकारी प्रशासन एसबी सिंह ने बताया कि शहर में गठित तीन टीमों में एक में सिटी मजिस्ट्रेट और पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रथम, दूसरी में एसडीएम सदर और पुलिस क्षेत्राधिकारी द्वितीय और तीसरी टीम में तहसीलदार सदर और पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर शामिल हैं। सभी तहसीलों में एसडीएम और संबंधित थानाध्यक्ष टीम में रखे गए हैं। उन्होंने बताया कि टीम छापा मारकर चाइनीज मांझे को जब्त करने का अभियान चलाएंगी। पकड़े गए चाइनीज मांझे को बाद में नष्ट किया जाएगा। चाइनीज मांझा बेचने वाले दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि चाइनीज मांझा बेचने वाले दुकानदार कार्रवाई से बचने के लिए नगर निगम, नगर पालिका या नगर पंचायत में चाइनीज मांझे को जमा करा दें। छापे के दौरान पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई होगी।