बेहट/साढ़ौली कदीम (सहारनपुर)। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मदरसों में संचालकों एवं छात्रों के साथ बातचीत कर नागरिकता संशोधन कानून पर फैलाई गई भ्रांतियां दूर करने के साथ ही सही जानकारी उपलब्ध कराई।
मंडी रोड स्थित मदरसा कसरुल उलूम और खिड़का भटकव्वा में आयोजित बैठक में एसडीएम देवेंद्र पांडेय ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून पर भ्रांतियां फैलाई गई है। इस पर कोई ध्यान ना दें, इससे हमारे देश नागरिकों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। यह कानून किसी धर्म या मजहब से संबंधित नहीं है। यह देश में अवैध रूप से आकर रहने वाले विदेशी नागरिकों पर लागू होता है। कोतवाली प्रभारी पवन चौधरी ने बताया कि एनआरसी केवल आसाम में लागू है। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून दुनिया के 200 देशों में लागू है। इसे धर्म या मजहब से जोड़कर न देखा जाए। अपील की गई कि वह सड़कों पर आकर धरना प्रदर्शन न करें। तहसीलदार हर्ष चावला, बीडीओ रवि प्रकाश, एडीओ पंचायत मोहकम सिंह, कोतवाली के एसएसआई सत्यवीर अत्री रहे।
साढ़ौली कदीम ब्लाक मुख्यालय पर ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक में देवेंद्र कुमार पांडे ने कहा कि जनप्रतिनिधि नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 की वास्तविकता से ग्रामीणों को अवगत कराने का कार्य करें। कहा कि इस बिल से किसी भी धर्म, जाति या मजहब के भारतीय नागरिक की नागरिकता को कोई खतरा नहीं है। अफवाहें फलाने वालों से प्रशासन सख्ती से निपटेगा। बीडीओ रविप्रकाश सिंह, ब्लाक प्रमुख हंसराज गौतम, एडीओ प्रदीप पुंडीर, ब्लाक प्रभारी मोहकम सिंह संदीप कुमार, विजय कुमार, कमल राणा, प्रदीप काम्बोज, अमित राठी, नरेन्द्र राणा, राजीव सैनी, राजेश पंवार, सोमपाल सिंह, फूलचंद, जसबीर सिंह, गालिब हसन, इशरार, खुर्शीद, प्रधान हाजी इनाम, अहसान आदि रहे।
बैठक में उपस्थित मदरसा छात्र।- फोटो : SAHARANPUR