सहारनपुर में मोबाइल कारोबारी हिमांशु अरोड़ा के मुख्य हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिवार आहत है। हिमांशु के परिवार ने व्यापारियों संग गिरफ्तारी की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाला। दिवानी कचहरी के बाहर मानव श्रंखला बनाई गई।
हिमांशु अरोड़ा की हत्या 12 मई की रात लूट के बाद कर दी गई थी। पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़कर जेल भेज दिया था, मगर मुख्य आरोपी अमजद और उसका अज्ञात साथी फरार थे।
पुलिस का दावा था कि फरार आरोपी शीघ्र ही पुलिस की हिरासत में होंगे, मगर पुलिस आज तक उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इसे लेकर परिजन पहले भी कैंडल मार्च निकाल चुके हैं।
मंगलवार को फिर से हिमांशु के पिता और बच्चों के साथ बड़ी संख्या में व्यापारियों ने कैंडल मार्च निकालते हुए हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। आरोप लगाया कि पुलिस जानबूझकर आरोपियों को बचा रही है।
कैंडल मार्च के दौरान व्यापारियों ने दीवानी कचहरी के बाहर मानव श्रंखला बनाकर जाम भी लगाया। कैंडल मार्च में धनपतराय, कमल गर्ग, अमित गगनेजा, माला अरोड़ा, अनिल, आनंद, प्रवीण, महेंद्र तनेजा रहे।