सहारनपुर। मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए अधिकारी अपने-अपने जिलों में नियमित समीक्षा करें और चिह्नित कमियों (गैप) को प्राथमिकता के आधार पर दूर करें।
बुधवार को आयुक्त कार्यालय सभागार में मंडलायुक्त की अध्यक्षता में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की मंडलीय मासिक भौतिक एवं वित्तीय समीक्षा बैठक हुई। इसमें सहारनपुर मंडल में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) समेत विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भौतिक और वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में जनपदवार और कार्यक्रमवार उपलब्धियों को निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष परखा गया। वित्तीय व्यय, बजट उपयोग, मानव संसाधन, आवश्यक दवाओं व उपकरणों की उपलब्धता और रिपोर्टिंग की स्थिति पर भी चर्चा हुई। समीक्षा के दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, परिवार नियोजन, टीकाकरण, स्क्रीनिंग, टीबी नियंत्रण, पोषण, गुणवत्ता सुधार, जन आरोग्य समिति और किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम समेत अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति देखी गई। बैठक में एडी हेल्थ डॉ. कुमुद रानी आदि मौजूद रहे।