शहर के एक पेट्रोल पम्प पर केन बोतल डिब्बे में पेट्रोल ना देने का लगा नोटिस।
- फोटो : SAHARANPUR
कैन, बोतल, डिब्बे में पेट्रोल दिया पंप संचालकों पर होगी कार्रवाई
सहारनपुर। दिल्ली में हिंसा और पेट्रोल बम बनाने जैसी घटनाएं सामने आने के बाद जिले में भी पुलिस प्रशासन ने सख्ती कर दी है। पेट्रोल पंपों पर कैन, बोतल या डिब्बे में पेट्रोल-डीजल दिया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। केवल वाहनों के पंपों पर पहुंचने पर ही पेट्रोल दिया जाएगा।
एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि ज्वलनशील पदार्थों का दुरुपयोग हो सकता है। इसे रोकने के लिए ही इस तरह के कदम उठाने जरूरी हैं। किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं पेट्रोल एवं डीजल विक्रेता संघ के सचिव अतुल सिंघल और सरदार नवनीत सिंह बग्गा ने बताया कि पुलिस प्रशासन के निर्देशों के अनुरूप पंपों पर आने वाले लोगों को कैन, बोतल, डिब्बे आदि में पेट्रोल नहीं दिया जा रहा है। वैसे तो पहले भी इस तरह पेट्रोल देने पर मनाही थी। मगर अब दिल्ली हिंसा को देखते हुए और सख्ती कर दी गई है।
कुछ पंप संचालकों का कहना है कि बाइक, कार या अन्य वाहन वाले तो अधिकतर वाहनों में पेट्रोल या डीजल डलवाकर चले जाते हैं। लेकिन आटोमोबाइल क्षेत्र से जुड़े मेकेनिकों को खुले पेट्रोल की जरूरत ज्यादा पड़ती है। वे ही इस तरह पेट्रोल ले जाते हैं। देहाती क्षेत्रों में भी लोग ऐसे ही पेट्रोल ले जाते रहे हैं। मगर अब किसी को भी इस तरह पेट्रोल-डीजल नहीं दिया जाएगा।