बैठक में दिशा निर्देश देते मंडलायुक्त एवी राजमौलि।
- फोटो : SAHARANPUR
‘खनन एवं शराब का अवैध कारोबार करने वालों पर हो कार्रवाई’
सहारनपुर। मंडलायुक्त एवी राजमौलि ने कहा कि अवैध खनन, शराब माफियाओं को चिह्नित कर कठोर कार्रवाई की जाए। मंडल में कहीं भी अवैध खनन और अवैध शराब की बिक्री नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं की अनदेखी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कोविड-19 की गाइडलाइन का सख्ती से पालन करने और आपरेशन कायाकल्प के तहत कम प्रगति पाए जाने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहारनपुर से स्पष्टीकरण लेने के आदेश दिए।
शनिवार शाम दिल्ली रोड स्थित कार्यालय पर मंडलायुक्त ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर कोविड-19 गाइडलाइन की अनदेखी बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को नहरों में टेल तक पानी एवं सिल्ट सफाई की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मंडल में मत्स्य पालन के लिए तालाबों के आवंटन के कार्य में तेजी लाई जाए। उप गन्ना आयुक्त को शत प्रतिशत गन्ना मूल्य भुगतान कराने के निर्देश दिए। संयुक्त निदेशक कृषि को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के डाटा सुधार में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि संरक्षित गोवंश की संख्या बढ़ाने और टीकाकरण में तेजी लाई जाए। तीनों जनपदों के मुख्य चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालयों, प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों और दवाओं की उपलब्धता के साथ उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाए। राज्य मार्गों के संरक्षण एवं सेतुओं के निर्माण कार्यों में तेजी लाएं और आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण में तेजी लाई जाए।
उन्होंने कहा कि मंडल में कहीं पर भी अवैध शराब की बिक्री नहीं होनी चाहिए। भूमाफिया और अवैध कब्जा करने वालों पर कड़ी का कार्रवाई की जाए। रैन बसेरों, कंबल वितरण एवं अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि एक दिसंबर को होने वाले मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को लेकर सभी अधिकारी अपना सीयूजी नंबर ऑन रखें। इस दौरान संयुक्त विकास आयुक्त सुनील कुमार श्रीवास्तव और वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से तीनों जनपदों के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी एवं मंडल और जनपद स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया।