गंगोह के अस्पतालों में जांच करते एसडीएम पूरण सिंह
- फोटो : SAHARANPUR
गंगोह (सहारनपुर)। कोरोना संक्रमण को लेकर शासन के निर्देशों का पालन न करने वाले प्राइवेट अस्पतालों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को एसडीएम ने जांच के उपरांत तीन निजी अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन की कार्रवाई से अन्य चिकित्सकों में भी हड़कंप मच गया है। मास्क न पहनने वाले ग्यारह लोगों के चालान किए गए हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन सख्त हो गया है। शनिवार को एसडीएम पूरण सिंह राणा ने पुलिस को साथ लेकर बाजारों में कोरोना के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। सहारनपुर मार्ग व लखनौती मार्ग पर खुले निजी अस्पतालों में भीड़ को अव्यवस्थित देखकर नाराज हो गए। सोशल डिस्टेंस पूरी तरह तार तार थी। लोग एक-दूसरे से सटे थे। स्टाफ ने भी अपना कोरोना टेस्ट नहीं कराया। मास्क भी नहीं पहने थे। एसडीएम ने पुलिस को तीनों अस्पतालों को बंद कराते हुए कोरोना टेस्ट कराने के बाद ही खुलने देने के निर्देश दिए। चेतावनी दी कि यदि बिना कोरोना टेस्ट कराए कोई दुकान खोलता है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने महामारी अधिनियम में तीन अस्पतालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शनिवार को ही 11 लोगों का मास्क न लगाने पर चालान किया गया। प्रशासन की कार्रवाई से अन्य चिकित्सक भी शटर डाल कर मौके से निकल लिए।