सहारनपुर। पीएनबी की करेंसी चेस्ट में जाली नोट मिलने के बाद बैंक प्रबंधन ने तीनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। अब तीनों आरोपियों के बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है।
जाली नोट के मामले में वरिष्ठ प्रबंधक रवि कुमार, करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील शर्मा और करेंसी चेस्ट खेरा बाजार जगाधरी अमित कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। तीनों ही फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। अब बैंक प्रबंधन ने सभी आरोपियों के बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। बैंक खाते फ्रीज होने के बाद कोई भी खातों से रकम निकाल नहीं सकेगा। इसके साथ ही पुलिस और बैंक प्रबंधन यह भी जांच कर रहा है कि इन खातों में कब-कब कितनी रकम जमा हुई और कितनी रकम कब-कब निकाली गई। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि खाते से अन्य खातों में तो कोई ट्रांजेक्शन नहीं किया गया है। पुलिस द्वारा सभी संदिग्ध खातों में हुई ट्रांजेक्शन की जांच हो रही है। टीम अन्य खातों की भी जांच कर सकती है। पुलिस मोबाइल नंबर की लोकेशन भी खंगाल रही है।
-
केंद्रीय जांच एजेंसियों की भी हो सकती है एंट्री
सहारनपुर। पीएनबी करेंसी चेस्ट में मिले जाली नोट के मामले में आरबीआई और बैंक मुख्यालय की टीम तो जांच कर ही रही है। ऐसा माना जा रहा है कि मामले में अब केंद्रीय जांच एजेंसी में जिले में डेरा डाल सकती है। मामला एक या दो करोड़ का नहीं बल्कि 17 करोड़ रुपये मूल्य के जाली नोट का है। ऐसे में स्थानीय पुलिस तो जांच कर ही रही है। विभिन्न राष्ट्रीय जांच एजेंसी भी जांच में शामिल हो सकती हैं। जाली नोट करेंसी चेस्ट में रखने के मामले पहले ही पुलिस द्वारा एसआईटी का गठन किया गया है। इसमें एसपी सिटी, सीओ ट्रैफिक, निरीक्षक, उप निरीक्षक शामिल हैं। एसआईटी टीम पूरे मामले की अपने स्तर से जांच कर रही है। जांच के बाद ही पता लग सकेगा कि इतनी मात्रा में जाली नोट कहां से और कैसे करेंसी चेस्ट में पहुंचे।