सहारनपुर। पांच दिन पूर्व बेहट के ग्राम बुवका स्थित शराब एवं बीयर के ठेके पर सेल्समैन को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से तमंचा एवं मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। जबकि आरोपी के दो साथी अभी फरार हैं।
बेहट के ग्राम बुवका में 25 नवंबर को बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे से आतंकित कर शराब एवं बीयर के ठेके पर सल्समैन को बंधक बना लिया था। ठेके से बदमाश हजारों रुपये की नगदी लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे। पुलिस आरोपियों को तभी से तलाश कर रही थी। सराफ के यहां चोरी की वारदात होने के चलते जनता रोड पर सख्ती बढ़ा दी गई है और लगातार चेकिंग की जा रही है। शुक्रवार शाम नगर कोतवाली पुलिस जनता रोड पर संत नगर के आसपास चेकिंग कर रही थी। उसी समय ढमोला नदी की पुलिया के निकट एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल पर जाते हुए चेकिंग के लिए रोका। पुलिस के रोके जाने पर आरोपी ने भागने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर दबोच लिया। तलाशी में आरोपी के पास से एक तमंचा, कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। आरोपी से पूछताछ हुई तो बेहट में ठेके पर की गई लूट का खुलासा हो गया। नगर कोतवाली निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी बेहट के मोहल्ला लोहरान निवासी अराफात है। आरोपी ने ही अपने दो साथियों के साथ 25 नवंबर को बुवका में शराब के ठेके पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।