दनियालपुर नोंजली की सीसी गली, जिसे ग्रामीण खुद के द्वारा निर्मित बता रहे हैं। संवाद
नागल। विकासखंड बलिया खेड़ी के गांव दनियालपुर उर्फ नोंजली के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव पर समाजसेवी द्वारा डलवाई गई सीसी रोड के फर्जी वाउचर लगा कर 94805 रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत की है। मामले की जांच एडीओ पंचायत को सौंपी गई है।
ग्रामीण नौशाद, मोहम्मद आलम, बाबू, रईस, शौकत, सुरजन, मकसूद आदि ने पत्र के माध्यम से बताया कि गांव में शमशाद के मकान तक एक गली है। इसकी चौड़ाई दो मीटर, लंबाई 30 मीटर है। ग्रामीणों का कहना है कि गली में जलभराव रहता था, जिस कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार ग्राम प्रधान को समस्या का हल कराने का आग्रह किया, लेकिन कोई समाधान न हो सका। इसके बाद गांव के रहने वाले समाजसेवी नौशाद आलम ने 20 मई 2024 को अपने निजी खर्चे से सीसी सड़क का निर्माण करा दिया था। आरोप है कि इसी दौरान ग्राम सचिव ने प्रधान के साथ मिलकर फर्जी वाउचर लगाकर सरकारी खाते से 31 जुलाई 2024 को 94805 रुपये सीसी निर्माण कराने के नाम पर निकाल लिए। उधर, ग्राम प्रधान इंतखाब का कहना है कि ग्रामीण बेवजह तूल दे रहे हैं, उनके पास सभी वाउचर प्रमाणित हैं। केवल चुनावी रंजिश के चलते ग्रामीण प्रार्थना पत्र दे रहे हैं।
शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है। जल्दी रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारी को सौंप दी जाएगी।
- पंकज सैनी, एडीओ पंचायत