ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत
सरसावा। अंबाला रोड पर ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से स्कूटी सवार व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो पाई। चालक ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे सरसावा की ओर से स्कूटी पर सवार होकर एक व्यक्ति सहारनपुर की ओर जा रहा था। अंबाला रोड पर ग्राम गोविंदपुर में हनुमान मंदिर के समीप सामने से आ रही गेहूं की बोरियों से लदी ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रॉली ने स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखचे उड़ गए। स्कूटी सवार की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर थाना सरसावा इंस्पेक्टर अशोक सोलंकी मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लिया। चालक फरार हो चुका था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। संवाद