सहारनपुर। लखनऊ से सहारनपुर पहुंचे यूरिडा (उत्तर प्रदेश नगरीय सड़क प्रबंधन) के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने मंगलवार को सीएम ग्रिड योजना में बन रही स्मार्ट सड़कों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों में तेजी लाते हुए समय से पूरा करने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
बता दें, कि सीएम ग्रिड योजना के तहत पहले फेज में कलक्ट्रेट तिराहे से हकीकतनगर, आईएमए भवन और सदर कोतवाली के सामने को होते हुए दीवानी कचहरी तिराहे तक डेढ़ किलोमीटर की स्मार्ट रोड बनाई जा रही है, जिसका कार्य अंतिम चरण में है। दूसरे फेज में सिविल लाइंस चौकी से जैन कॉलेज रोड और पुराना आवास विकास को होते हुए हसनपुर से पहले दिल्ली रोड तक स्मार्ट रोड बनाई जानी है, जिसमें सीवर आदि की लाइनें डालने का काम इन दिनों चल रहा है।
यूरिडा के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने मंगलवार को दोनों सड़कों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने पहले फेज की सड़क के फुटपाथ पर घूमकर कार्यों को देखा। अधूरे छोड़े गए कार्यों और फुटपाथ पर निकले केबिलों के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि विद्युत निगम के शटडाउन नहीं मिल पाने की वजह से बिजली लाइनें भूमिगत करने में थोड़ी परेशानी आ रही है। बाकी कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं।
दूसरे फेज में बन रही सड़क में सीवर और स्टॉर्म वाटर लाइन आदि के चैंबर आदि का निरीक्षण करते हुए उनके बारे में जानकारी ली। इस सड़क को पूरा करने के लिए मार्च 2027 तक का समय है। ऐसे में उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने सड़क कार्य में तेजी लाते हुए गुणवत्ता के साथ समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उनके साथ नगर निगम के निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एसपी मिश्रा, अवर अभियंता मदनपाल, दोनों सड़कों की कार्यदायी संस्थाओं के जिम्मेदार मौजूद रहे।
यूरिडा के डिप्टी सीईओ मंगलवार को सहारनपुर आए थे। उन्होंने सीएम ग्रिड में बन रही दोनों सड़कों का निरीक्षण करते हुए जरूरी दिशा निर्देश दिए। सड़कों का कार्य समय से पूरा करने को कहा।
- एसपी मिश्रा, मुख्य अभियंता, निर्माण नगर निगम