सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा जिन गांवों में एक भी लाभार्थी का आयुष्मान भारत के तहत गोल्डन कार्ड नहीं बना है, उन्हें चिन्हित कर तत्काल कार्रवाई की जाए।
डीएम ने मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में स्वास्थ्य कार्यक्रमों की मासिक समीक्षा की। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आम आदमी तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि दस्तक अभियान चल रहा है, इसमें आशा डोर-टू-डोर सर्वे कर रही हैं। इस दौरान शासन की योजनाओं के बारे में भी परिवारों को बताएं। उन्होेंने कहा नर्सिंग होम के प्रवेश एवं निकासी द्वार पर सीसीटीवी अवश्य लगा होना चाहिए। यह भी सुनिश्चित करें कि सीसीटीवी कार्य कर रहा है अथवा नहीं।
सीडीओ प्रणय सिंह ने कहा कि बच्चों की सूची के साथ-साथ यह भी सूची बनाए कि इस वर्ष पैदा होने वाले बच्चों में कितने लड़के हैं और कितनी लड़कियां हैं। जनपद में 102 एंबुलेंस सेवा 29 तथा 108 इमरजेंसी मेडिकल ट्रांसपोर्ट सर्विसेज एंबुलेंस सेवा 33 है। सभी एंबुलेंस निरंतर कार्य कर रही है, कोई भी खराब नहीं है। उन्होेंने कहा सीटी स्कैन का कार्य भी शत प्रतिशत किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बीएस सोढी ने बताया कि जनपद में आयुष्मान भारत - प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (गोल्डन कार्ड) के तहत 137110 परिवारों के कुल 685550 लाभार्थी योजना का लाभ ले रहे हैं। इसमें डीसीओ मंशाराम यादव, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अमित कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी सुनील वर्मा आदि मौजूद रहे।