Saharanpur News: 22 अक्तूबर को दूधली गांव के नाले में एक युवक का शव पड़ा मिला था। उसकी शिनाख्त सिंधावली गांव के अभिषेक के रूप में हुई थी। पुलिस ने जांच की और हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
सिंधावली गांव निवासी अभिषेक की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पत्नी से प्रेम संबंध होने पर उसके पत्नी ने अपने साले के साथ मिलकर मार डाला। पुलिस ने जीजा-साले को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
22 अक्तूबर को अभिषेक का शव दूधली-गोपाली मार्ग स्थित नाले में पड़ा मिला था। दो दिन बाद उसकी शिनाख्त हुई थी। मृतक के पिता नरेश ने मिरगपुर गांव निवासी पिंकेश उर्फ काला और उसकी पत्नी काजल के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी।
मामले की विवेचना के दौरान पिंकेश के साले जनपद मुजफ्फरनगर की नई मंडी शेरनगर निवासी सत्यम का नाम सामने आया था। इसके बाद पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी। मंगलवार को दोनों हत्यारोपी कोतवाली पहुंचे और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में हत्यारोपी पिंकेश ने बताया कि मृतक अभिषेक का उसकी पत्नी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों फरार होने की फिराक में थे। इस बारे में उसने साले सत्यम को जानकारी दी।
बताया कि उन्होंने पत्नी की हत्या की योजना बनाई, लेकिन छोटे बच्चे होने के कारण निर्णय बदल लिया। इसके बाद साले सत्यम ने अभिषेक से फोन पर बातें करनी शुरू कीं। 21 अक्तूबर को उन्होंने अभिषेक को शेरनगर बुलाया, वहां उन्होंने उसे शराब पिलाई।
जब वह नशे में हो गया तो दोनों उसे लेकर दूधली पहुंचे और नाले में धकेल दिया। उसकी मौत होने तक दोनों वहीं रुके रहे। पिंकेश ने बताया कि उन्होंने उसका मोबाइल ऑफ कर दिया और लौटते समय रास्ते में फेंक दिया था। पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।