सहारनपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले एक युवक से नौकरी दिलाने के नाम पर एक लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने एक नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
ढमोला गांव निवासी शादाब ने बताया कि दोस्त सौरभ नाजिरपुरा का रहने वाला है। उसने हसनपुर निवासी सोनू को एक साल पहले नौकरी के नाम पर एक लाख रुपये दिए थे। एक साल बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी। सौरभ ने मोनू से रुपये वापस मांगे तो उसने धमकी दी और रुपये लौटाने से मना कर दिया। सौरभ ने उससे मदद मांगने पर पुलिस के पास जाने के लिए कहा। इसके बाद मोनू ने शादाब को फोन कर जान से मारने की धमकी दी। अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिसकी रिकॉर्डिंग भी है। पीड़ित का कहना है कि अगले दिन अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। किसी तरह जान बचाकर भाग निकला। अब धमकी दी जा रही है कि थाने में शिकायत की तो वह उस पर अपनी पत्नी या बहन से छेड़छाड़ का झूठा मुकदमा दर्ज करवा देगा। पुलिस ने मोनू व दो अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।