गागलहेड़ी। हिंडन नदी पुल पर ट्रक खराब होने से पांच घंटे तक जाम लगा रहा। जाम में कई एंबुलेंस भी फंसी रही। पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद रूट डायवर्ट कर किसी तरह वाहन चालकों को राहत पहुंचाई।
शुक्रवार सुबह दस बजे के करीब हिंडन नदी पुल के बीचो बीच अचानक से ट्रक खराब हो गया। ट्रक खराब होने से उसके पीछे चल रहे वाहनों का लंबा जाम लग गया। इसके बाद आगे निकलने की होड़ में सामने से आते वाहनों की वजह से पुल पर वाहन निकालने का रास्ता बिल्कुल बंद हो गया। इस दौरान थाने के सामने से सहारनपुर से आने वाले वाहनों ने मार्ग पर तीन चार लाइनों में अपने अपने वाहन आड़े तिरछे करके लगा दिए जिससे मार्ग पर वाहनों का भारी जमावड़ा लग गया। जाम में सहारनपुर से मरीजों को लेकर आने वाली कई एंबुलेंस भी काफी देर फंसी रही।
जाम लगने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद थाने से पीछे ही वाहनों को रोका। इसके बाद रूट डायवर्ट करते हुए थाने के समीप से कच्चे रास्ते से पुराने हिंडन पुल पर वाहनों को निकालते हुए जाम खुलवाया। ट्रक खराब होने से सुबह दस बजे से लेकर दोपहर करीब तीन बजे तक वाहनों का रूट डायवर्ट कर वाहनों को निकाला गया।