गंगोह। मोहल्ला गुजरान स्थित बड़ी मस्जिद पर बृहस्पतिवार सुबह बिजली गिरने से अफरा-तफरी मच गई। बिजली का प्रहार इतना तेज था कि जोरदार धमाके के साथ मीनार का हिस्सा टूटकर दूर जा गिरा। मस्जिद में लगे इन्वर्टर, बिजली चेंजर और लाइट फिटिंग सहित कई उपकरण जल गए। आसपास के दर्जनों घरों में भी बिजली के उपकरण खराब हो गए।
मस्जिद के इमाम मुफ्ती फाजिल के अनुसार घटना सुबह करीब 5:45 बजे की है। धमाके की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए। मौके पर पहुंचने पर मस्जिद के मीनार को क्षतिग्रस्त देखकर लोग हैरान रह गए। बिजली गिरने से मस्जिद में लगे विद्युत उपकरणों को भी काफी नुकसान पहुंचा। सभासद हारून चौधरी ने बताया कि बिजली गिरने का असर आसपास के घरों में भी देखने को मिला। कई घरों के इन्वर्टर और अन्य बिजली उपकरण फुंक गए, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान हुआ।
उन्होंने इसकी जानकारी नकुड़ तहसीलदार जसमिंदर सिंह को दी। लेखपाल सोनू कुमार और समीर कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों के घरों में जाकर खराब हुए बिजली उपकरणों की जानकारी जुटाई। लेखपाल सोनू कुमार ने बताया कि प्रभावित लोगों से बैंक पासबुक की प्रतियां ली जा रही हैं। नुकसान का विवरण तैयार कर शासन को भेजा जा रहा है। इस दौरान मेहरबान, लियाकत, बासा, मेहताब, बाबू, मेसर, मेहबूब, इनाम, मुस्तकीम, सरिता देवी, इरफान, अफसर, मुबारिक, अहसान, रामचंद्र, ऋषि, शेरसिंह, विकास, ओमपाल, राजबीर राणा और फारुख आदि मौजूद रहे।