सिरफिरे युवक ने लड़की के घर जाकर खाया जहर, मौत
बड़गांव। जड़ौदा पांडा में रविवार रात एक सिरफिरा युवक लड़की के घर पहुंच कर शादी करने की जिद अड़ गया। लड़की व उसके परिजनों ने शादी से इंकार किया तो युवक ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
रविवार की रात थाना नानौता के फतेहपुर निवासी 25 वर्षीय युवक अपनी स्कूटी से जड़ौदा पांडा गांव एक लड़की के घर पहुंच गया, जहां उसने लड़की को अपनी प्रेमिका करार देकर उससे शादी रचाने की जिद पकड़ ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लड़की व परिजनों के मना करने पर सिरफिरे ने उसके घर के सामने अपनी जेब से जहर की पुड़िया निकाल कर उसे खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को सूचना दी गई। ग्रामीणों ने उसे आनन-फानन में 108 एंबुलेंस से देवबंद के सरकारी अस्पताल में भिजवाया, जहां उसकी हालत खराब होने के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। घटना के समय युवक शराब के नशे में था।
उधर थाना प्रभारी निरीक्षक रनवीर सिंह का कहना है कि परिजनों ने रात में बिना किसी कानूनी कार्यवाही के शव सुपुर्दगी में लेकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया।