फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Saharanpur News: तेज धमाका हुआ और हिल गए हम, चौसाना तक पहुंची पटाखा फैक्टरी विस्फोट की गूंज

Sat, 25 Jul 2026 12:47 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सहारनपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
चौसाना/शामली। गंगोह के कुंडाबसी गांव के पास पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण विस्फोट की गूंज शामली जिले के चौसाना, दथेड़ा क्षेत्र तक सुनाई दी। चौसाना से इस फैक्टरी दूरी करीब डेढ़ किलोमीटर है। तेज धमाके के बाद कई गांवों में लोग दहशत में आ गए। लोगों का कहना है कि विस्फोट इतना तेज था कि घर और जमीन तक हिलती महसूस हुई। धमाके की आवाज सुनते ही लोग हादसा स्थल की ओर दौड़ पड़े।
विज्ञापन

चौसाना निवासी अहसान और दथेड़ा गांव निवासी सादिक ने बताया कि शाम के समय वह काम से लौटकर घर के बाहर बैठे थे। अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी और कुछ देर के लिए उन्हें लगा कि घर हिल रहा है। चारों ओर सन्नाटा छा गया। परिवार के सदस्य भी डर गए। नया कुंडा गांव के प्रधान सनव्वर ने बताया कि धमाके के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। बच्चे और बड़े हादसा स्थल की ओर दौड़ पड़े। मौके पर चारों तरफ धुंआ फैला था और भयावह मंजर दिखाई दे रहा था।

...तो दथेड़ा के तीन युवकों की भी जा सकती थी जान
दथेड़ा गांव के तीन युवक भी इसी पटाखा फैक्टरी में काम करते थे। ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार को जुमे की नमाज के कारण उन्होंने छुट्टी कर रखी थी, जिसके चलते वह फैक्टरी नहीं गए। यदि वह ड्यूटी पर होते तो उनकी जान भी खतरे में पड़ सकती थी। चौसाना निवासी मुबारिक ने बताया कि वह फैक्टरी के पास स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाने आया था। इसी दौरान तेज धमाका हुआ और जमीन हिलती महसूस हुई। वह किसी तरह वहां से भागकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा। बाद में कुंडा की ओर से धुंआ उठता दिखाई दिया।
विज्ञापन

......

फुलझड़ी की चमक के पीछे बारूद का खेल
- शामली में 24 लाइसेंस, 40 से ज्यादा ठिकानों पर अवैध पटाखा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली।चौसाना। चौसाना से सटे कुंडाबसी गांव में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद शामली में भी पटाखा निर्माण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। जिले में फुलझड़ी बनाने के लिए 24 लाइसेंस जारी हैं, लेकिन आरोप है कि कई स्थानों पर फुलझड़ी की आड़ में प्रतिबंधित पटाखों का निर्माण किया जा रहा है। जिले में फुलझड़ी बनाने के लाइसेंस कांधला में सात, थानाभवन में 12 और गढ़ीपुख्ता में चार हैं। इसके अलावा अन्य लाइसेंस मिलाकर कुल 24 लाइसेंस है। एनसीआर में शामिल होने के कारण पटाखों पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद जिले में 40 से अधिक स्थानों पर अवैध रूप से पटाखे बनाए जाने का आरोप लगाया जा रहा है।
उधर, जिलाधिकारी आलोक यादव ने कहा कि जिलेभर में अवैध पटाखा फैक्ट्रियों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। अवैध रूप से पटाखा निर्माण किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा।
विज्ञापन


शामली में भी बारूद बन चुका है मौत का कारण
31 जनवरी 2020 (कांधला)। पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से पांच लोगों की मौत हुई थी।
1 अक्तूबर 2021 (कैराना)। अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाके से चार लोगों की मौत हुई थी और कई घायल हुए थे।
2 सितंबर 2023 (शामली शहर)। दयानंद नगर में मकान के अंदर चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से वृद्ध महिला की मौत हुई थी।
22 अक्तूबर 2024 (कांधला)। लाइसेंसी पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से कई धमाके हुए थे, हालांकि मजदूरों ने भागकर जान बचा ली थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें