संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। निर्माण कार्यों का ठेका लेने के बाद कार्य शुरू नहीं करने वाले या फिर धीमी गति से काम करने वाले 18 ठेकेदारों पर पांच फीसदी का जुर्माना लगाया गया है। इसके बाद से ठेकेदारों में खलबली है।
नगर निगम प्रत्येक वर्ष करोड़ों रुपये के विकास कार्य महानगर में कराता है। इनमें अनेक कार्य नागरिकों की मांग पर कराए जाते हैं, लेकिन ठेकेदार ठेका लेने के बाद कार्यों को शुरू करने में या तो देरी करते हैं या फिर काम धीमी गति से करते हैं।
इससे नागरिकों को समय से सुविधाएं नहीं मिल पाती हैं। साथ ही उन्हें परेशानियों से भी गुजरना पड़ता है। निर्माण विभाग ने कार्यों में लेटलतीफी करने वाले ऐसे 18 ठेकेदारों को चिह्नित किया है। पहले इन ठेकेदारों को मौखिक और लिखित रूप से कार्य शुरू करने के निर्देश दिए, लेकिन जब उन्होंने कार्य शुरू नहीं किए तो नगर निगम को उनकी अनुबंध राशि पर पांच फीसदी का जुर्माना लगाना पड़ा है।