फतेहपुर सीएचसी में घायल मुकर्रम से जानकारी करती पुलिस। श्रोत ग्रामीण
बिहारीगढ़(सहारनपुर)। कस्बे में दिल्ली देहरादून हाईवे किनारे एक पान की दुकान पर बैठे खनिज परिवहन व्यवसाय से जुड़े कारोबारी को बाइक सवार युवक गोली मार कर भाग गया। गोली लगने से कारोबारी लहूलुहान होकर नीचे गिर गए। सरे बाजार गोली चलने से अफरातफरी मच गई।
घटना बुधवार शाम छह बजे की है। कस्बे में पान विक्रेता सचिन की दुकान पर बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के ही गांव थाप्पुल निवासी मुकर्रम पुत्र असलम अपने साथी विवेक मित्तल निवासी बिहारीगढ़ के साथ बैठे थे। इसी दौरान बुग्गावाला रोड की तरफ से आए बाइक सवार युवक ने अचानक से दुकान में घुस कर तमंचे से मुकर्रम पर फायर कर दिया। गोली मुकर्रम को टांग में ली और वह जमीन पर गिर पड़े। जब तक कोई कुछ समझ पाता हमलावर युवक बाइक लेकर भाग खड़ा हुआ।
गोली चलने की आवाज से मौके पर भारी भीड़ जुट गई। आसपास मौजूद लोगों ने गंभीर हालत में मुकर्रम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर भिजवाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल मुकर्रम खनिज परिवहन का कार्य करते हैं। उसके कई डंपर इस कार्य में लगे हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मुकर्रम को किसने और क्यों गोली मारी है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।