देवबंद (सहारनपुर)। इंडियन मुजाहिद्दीन के आतंकी एजाज सईद शेख की सहारनपुर से गिरफ्तारी और देवबंद में तीन आतंकियों के छिपे होने की आशंकाओं पर केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने देवबंद में डेरा डाल दिया है। हालांकि स्थानीय अधिकारी इससे इंकार कर रहे हैं। उधर, रविवार को पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने सराय, होटल, घरों ढाबों आदि में सर्च अभियान चलाकर बाहरी लोगों की जांच की। विभिन्न इलाकों में किराये पर रह रहे लोगों की भी जांच की गई।
स्पेशल ब्रांच की टीम ने नगर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर रविवार को करीब 25 घरों में किरायेदारों और बाहरी लोगों की जांच की। पुलिस ने मकान मालिकों से कहा गया कि वे कमरे किराये पर देने से पूर्व किरायेदार की आईडी और फोटो अपने पास रखें। टीम ने सराय, रेस्टोरेंट, होटल और ढाबों आदि में भी तलाशी अभियान चलाया। कहीं से कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला।
उधर, केंद्रीय खुफिया एजेंसियां आईबी, एटीएस आदि के भी देवबंद पहुंचने की जानकारी मिली है, लेकिन पुलिस और एलआईयू के अधिकारियों ने इससे अनभिज्ञता जताई है। गौरतलब है कि पिछले महीने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी अब्दुल सुभान के पुत्र आलम को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने देवबंद से गिरफ्तार किया था। बाद में उसे राजस्थान से पकड़ा बताया गया। खुफिया एजेंसियां आलम के बारे में कितनी जानकारी जुटा पाई इसका भी कोई खुलासा नहीं हो पाया है। आलम के देवबंद में रहकर पढ़ाई करने की बात सामने आई है। आलम का न तो कोई फोटो उपलब्ध है न ही कोई पता ऐसे में किसी संदिग्ध को ढूंढना काफी मुश्किल है। फिर भी खुफिया एजेंसियां सतर्कता बरत रही हैं।
सतर्क है एलआईयू
हमारी स्थानीय अभिसूचना इकाई क्रियाशील, सतर्क और सजग है। गोपनीय तरीके से पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि आतंकियों के बारे में कोई ऐसा सूत्र पुलिस के हाथ नहीं लगा हैं, जिसके कुछ सटीक जानकारी मिले। केंद्रीय खुफिया एजेंसी के देवबंद में आने की भी उन्हें जानकारी नहीं है।
-सुरेशपाल सिंह, सीओ देवबंद।