देवबंद। एक लाख रुपये और सेंट्रो कार देने में असमर्थता जताने पर दहेज लोभियों ने शादी से पांच दिन पहले रिश्ता तोड़ दिया। रिश्ता टूटने से युवती को सदमा लगा और उसने खाना-पीना और बोलना तक छोड़ दिया। आखिरकार लड़की के परिजन इंसाफ के लिए कोतवाली पहुंचे।
मोहल्ला पठानपुरा बेरियान निवासी मकसूद अहमद ने मंगलवार को कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व उसने मोहल्ले में ही एक व्यक्ति के बेटे से पुत्री की सगाई की थी। कुछ दिनों पहले ही आपसी रजामंदी से शादी की तारीख चार मई तय की गई। आरोप है लड़के वाले लालची किस्म के निकले और दो दिन पहले वे घर आए और रिश्तेदारों के सामने धमकी देने लगे कि यदि 29 अप्रैल तक एक लाख रुपये एवं सेंट्रो कार नहीं दी गई तो वे शादी तोड़ देंगे।
मकसूद ने मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो वे लोग गुस्से में आकर मारपीट करने लगे। उसने लड़के वालों की मान मनौव्वल की, लेकिन वे नहीं माने। इसी बीच बेटी को शादी टूटने की खबर से उसे सदमा लगा और उसने खाना पीना एवं बोलना तक छोड़ दिया। मकसूद ने पुलिस से लड़के वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।