सहारनपुर। लोकसभा चुनाव का छह चरणों का मतदान हो चुका है, लेकिन अभी तक भी किसी भी लोकसभा क्षेत्र के वोटर सहारनपुर के वोटरों के रिकार्ड के पास तक नहीं पहुंच पाए हैं। सबसे खास बात यह है कि पिछले लोकसभा चुनाव में प्रदेश में मतदान में नंबर एक रहे पीलीभीत के वोटर भी अपना पुराना रिकार्ड कायम नहीं रख पाए। जबकि पिछले चुनाव में सूबे में दूसरे नंबर पर रहे सहारनपुर जिले में इस बार 74.23 प्रतिशत वोटिंग हुई। जो प्रदेश भर में अब तक हुए लोकसभा चुनाव में सर्वाधिक है।
सहारनपुर लोकसभा सीट के वोटरों ने 10 अप्रैल को हुए चुनाव में 74.23 प्रतिशत मतदान किया। छह चरणों के चुनाव में प्रदेश की 80 में से 32 लोकसभा सीटों पर अब तक मतदान हो चुका है, लेकिन फिलहाल कोई भी क्षेत्र सहारनपुर के रिकार्ड को छू नहीं पाया। वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में 63.95 प्रतिशत के साथ पीलीभीत नंबर एक था, लेकिन इस बार यहां केवल 61.90 फीसदी मतदान हुआ है। जबकि सहारनपुर के वोटरों ने गत चुनाव से दस फीसदी अधिक मतदान किया है।
अब 30 अप्रैल, सात मई और 12 मई को मतदान होना अभी बाकी है। निर्वाचन कार्य में जुटे अधिकारियों की के अनुसार सहारनपुर के इस रिकार्ड का तोड़ना संभव नहीं लग रहा है। सभी की निगाह केवल बनारस सीट पर टिकी है, वहां सात मई को वोटिंग होगी।