चिलकाना। कब्रिस्तान की भूमि पर कब्जे के विवाद में लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव हुआ। पत्थरबाजी में दस लोग घायल हो गए।
चिलकाना के बकारका गांव निवासी जाकिर और उसके पुत्र आसिफ ने गांव के कब्रिस्तान की कुछ जमीन पर कब्जा किया हुआ है। गांव के ही गालिब ने एसडीएम सदर को प्रार्थनापत्र देकर कब्रिस्तान की भूमि की पैमाइश कराने की मांग की थी।
बुधवार की दुपहर लेखपाल तथा कानूनगो जमीन की पैमाइश करने पहुंचे तो जाकिर और आसिफ पक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके चलते पैमाइश का कार्य रोक दिया गया। इसके बाद दोनों पक्ष के लोग अपने-अपने घर लौट गए। बताया जाता है कि बाद में जाकिर और गालिब पक्ष में कहासुनी हो गई और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। दोनो तरफ से पथराव शुरू हो गया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पत्थरबाजी में गालिब पक्ष से अफसर, महमूदा, ताहिरा, जाकिर, नाजिम, अमजद और दूसरे पक्ष से वतन, मासूम, अहसान और अब्बास घायल हो गए। संघर्ष की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। गालिब की ओर से जाकिर पक्ष के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है।