आंधी और बारिश से रात में ठप रही विद्युत आपूर्ति
सहारनपुर। आई आंधी और बरसात के कारण शुक्रवार रात जिले भर में बिजली आपूर्ति बाधित रही। विद्युत निगम के कर्मियों ने विद्युत लाइनों में आए फाल्ट दूर किए, तब जाकर बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी।
शुक्रवार रात आंधी के बाद बरसात हुई थी और ओलावृष्टि हुई थी। इस कारण शहर के अलावा देहात क्षेत्र में भी कई स्थानों पर विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। यही वजह रही कि जिले भर में बिजली आपूर्ति पटरी से उतर गई। शहर से सटे गांवों में पूरी रात बिजली आपूर्ति नहीं हुई। इस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। खासकर गांवों में तो बिजली आपूर्ति ठप होने की वजह से गर्मी के साथ ही लोगों को मच्छरों का प्रकोप भी झेलना पड़ा। अधिशासी अभियंता एके वर्मा ने बताया कि आंधी और बारिश के कारण विद्युत लाइनों में हुए फाल्ट ठीक करा दिए गए हैं, बिजली आपूर्ति सुचारु करा दी गई है।