सहारनपुर। विदेश जाने की इच्छा रखने वालों को अब पासपोर्ट बनवाने के लिए गाजियाबाद के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सहारनपुर में ही मुख्य डाकघर परिसर में पासपोर्ट सेवा केंद्र बनाया गया है। पासपोर्ट संबंधी प्रक्रिया सहारनपुर में ही पूरी हो जाएगी।
जीपीओ रोड स्थित मुख्य डाकघर में मंगलवार को इसका विधिवत उद्घाटन हो जाएगा। डाकघर परिसर में खोला गया पासपोर्ट सेवा केंद्र गाजियाबाद पासपोर्ट कार्यालय की शाखा ही है। लोगों का फोटो खिंचवाने, मूल प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराने, फिंगर प्रिंट दर्ज कराने की प्रक्रिया यहीं हो जाएगी। साथ ही यहीं से उनकी फाइल को यूनिक नंबर भी मिल जाएगा। जिससे उनकी फाइल का ऑनलाइन सत्यापन भी किया जा सकता है। यही नहीं नवीनीकरण की प्रक्रिया भी यहीं पर हो जाएगी। इसका सॉफ्टवेयर टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज द्वारा बनाया गया है।
आवेदन ऑनलाइन ही करना होगा
डाकघर के पोस्टल असिस्टेंट कुलदीप शर्मा ने बताया कि लोगों को पासपोर्ट बनवाने अथवा नवीनीकरण के लिए आवेदन ऑनलाइन ही करना होगा। कार्यालय पर आवेदन नहीं होगा। आवेदन के बाद की सभी प्रक्रिया कार्यालय पर होगी। सामान्य तौर पर एक माह में पासपोर्ट मिल जाएगा।
चार अधिकारी किए गए तैनात
सहारनपुर में खोले गए पासपोर्ट कार्यालय में सत्यापन अधिकारी के रूप में चार अधिकारियों को तैनात किया गया है। जिनमें डाकघर से कुलदीप शर्मा, अरविंद सैनी, मुकेश तथा पासपोर्ट कार्यालय से पवन शामिल किया गया है। मुकेश को वैकल्पिक व्यवस्था के लिए रखा गया है। डाकघर अधिकारी कुलदीप को गाजियाबाद में एक सप्ताह का प्रशिक्षण भी दिया गया है।
अलग-अलग वर्ग के लिए अलग शुल्क
डाकघर के पोस्टल असिस्टेंट कुलदीप ने बताया कि पासपोर्ट बनवाने के लिए अलग-अलग शुल्क रखा गया है। सामान्य तौर पर शुल्क 1500 रुपये, 15 साल तक के बच्चों का शुल्क 900 से 1000 रुपये तथा वरिष्ठ नागरिक जो पहली बार पासपोर्ट बनवाएंगे उनका शुल्क 1350 रुपये रहेगा। लेकिन दोबारा बनवाने में वरिष्ठ नागरिकों को भी 1500 रुपये देना होगा।