आश्वासन के बाद सफाईकर्मियों की हड़ताल खत्म
सहारनपुर। पदोन्नति सहित अनेक मांगों को लेकर 31 दिसंबर को हड़ताल पर रहे सफाई कर्मियों ने निगम अधिकारियों से आश्वासन मिलने के बाद काम पर लौटने का निर्णय लिया। मंगलवार को सफाई कर्मियों ने ड्यूटी की। साथ ही मांगों पर जल्द अमल नहीं होने की स्थिति में दोबारा आंदोलन की चेतावनी दी।
सफाई कर्मियों की मांगों को लेकर 31 दिसंबर को अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ, उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ, अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस, सफाई कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन आदि संगठनों से जुड़े सैकड़ों सफाई कर्मियों ने महापौर कार्यालय पर प्रदर्शन किया था। बता दें कि चार जनवरी से स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए दिल्ली से टीम आनी है। इसे देखते हुए महापौर संजीव वालिया और नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने सोमवार देर रात सफाई कर्मियों के नेताओं के साथ वार्ता की। इसमें उनकी मांगों को मानने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म कर दी। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सोनी आजाद ने भी हड़ताल खत्म होने की बात कही।
सफाई कर्मचारी मुख्य रूप से ठेका कंपनी की शर्तों में बदलाव करने, वरिष्ठता के आधार पर सफाईकर्मियों की पदोन्नति करने, मृतक आश्रितों की नियुक्ति मिलने, सफाई कर्मियों की वर्दी और अन्य सुविधाएं देने, सफाई कर्मियों का बीमा कराने, संविदाकर्मियों को नियमित करने, रिश्वतखोरी और उत्पीड़न की घटनाओं पर अंकुश लगाने और किसी कर्मचारी को काम से न निकालने की मांग कर रहे थे।