प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज के विरोध में प्रदर्शन
देवबंद (सहारनपुर)। रेलवे के प्रस्तावित ओवरब्रिज के विरोध में मंगलवार को काफी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन किया। बाद में डीएम को ज्ञापन भेजकर समस्याओं से अवगत कराते हुए पुल का निर्माण रुकवाने की मांग की है।
रेलवे रोड़ के दुकानदारों और महिलाओं ने प्रस्तावित पुल के विरोध में संपूर्ण समाधान दिवस में जाकर एसडीएम ऋतु पूनिया को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया कि रेलवे रोड़ नगर का अति व्यस्त मार्ग है। इस पर कई स्कूल पड़ते हैं। इनमें हजारों बच्चें शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इसके अलावा सीएचसी के अलावा कई नर्सिंग होम भी इसी मार्ग पर हैं। रोजाना हजारों की संख्या में लोग इस मार्ग से गुजरते हैं। यदि इस मार्ग पर ओवरब्रिज बन गया तो रेलवे रोड़ के दुकानदारों का रोजगार छिन जाएगा।
शास्त्री चौक के दुकानदारों ने भी पुल को रेलवे रोड़ पर बनाने का विरोध किया। कहा कि पुल के रेलवे रोड़ पर बन जाने से शास्त्री चौक और नेचलगढ़ बाजार का व्यापार भी चौपट हो जाएगा, क्योंकि पुल बन जाने के बाद जिन 40 गांवों के लोग शास्त्री चौक और नेचलगढ़ से होकर गुजरते हैं, वे सीधे मजनूवाला रोड़ अथवा एमबीडी चौक की ओर चले जाएंगे। इसलिए जनहित को ध्यान में रखकर रेलवे रोड पर प्रस्तावित ओवरब्रिज का निर्माण रुकवाया जाए। ज्ञापन देने वालों में सेठ कुलदीप कुमार, श्याम कुमार अग्रवाल, सरदार बालेंद्र सिंह, राजेश अनेजा, मनोज सिंघल, बॉबी सिंघल, राजन छाबड़ा, राजकिशोर गुप्ता, संजय सलूजा, लवली, प्रिंस कुमार, हरि राजकुमार, शिवराज कुमार, सचिन सिंघल, राजेश सिंघल, आदेश त्यागी, नीरज त्यागी, सौरभ बंसल, विवेक तायल, रविहोरा, हरीश गिरधर, सिमरलाल सचदेवा, हैप्पी गाबा, अनिल गाबा, सतीश ऋषि, बनारसी दास रतड़ा आदि मौजूद रहे।