साढ़ौली कदीम (सहारनपुर)। शहीद के पैतृक गांव के मुख्य मार्ग की सड़क पिछले पांच माह से खस्ताहाल होने के चलते ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि मार्ग पर मरम्मत कार्य शीघ्र चालू नहीं किया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
शहीद बिंदरपाल सिंह के पैतृक गांव बहरामपुर के मुख्य मार्ग की हालत पिछले लगभग पांच माह से जर्जर है। शहीद के बड़े भाई मगनपाल सिंह एवं ग्रामीण सोनू पंवार, देवेंद्र गोयल, रजनीश कुमार, जगदीश प्रसाद, मो. शरीफ, इलियास, दिलशाद आदि का कहना है कि लगभग पांच माह पहले ठेकेदार ने सड़क का निर्माण कराये जाने की बात कहकर पूर्व में बनी सड़क को उखाड़ दिया था। तब से एक किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर मरम्मत कार्य कछुआ गति से चल रहा है। इसके चलते इस मार्ग से पैदल गुजरना भी दुर्भर हो गया है। सड़क खराब होने के चलते उन्हें कई किलोमीटर लंबे अन्यत्र मार्ग से होकर गुजरना पड़ रहा है। बरसात के चलते कच्चे चकमार्गों से गुजरने वाले राहगीर एवं स्कूली बच्चे भारी परेशानी झेलते हुए कीचड़ से गुजरने को बाध्य हो रहे है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उक्त मार्ग पर निर्माण कार्य जल्द चालू नही कराया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।