छठे वेतनमान का लाभ न मिलने पर रोष जताया
सहारनपुर। कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा की बैठक में बड़ी संख्या में कर्मचारियों को अभी तक छठे वेतनमान का लाभ नहीं मिलने पर रोष जताया गया। बैठक में अनेक विभागों के कर्मचारी शामिल हुए।
गांधी पार्क में हुई बैठक में नेत्र परीक्षण अधिकारी संघ के आरएस सेंगर ने छठे वेतन आयोग की विसंगतियों को दूर करने के बाद ही सातवें वेतनमान को लागू करने की मांग की। मलेरिया निरीक्षक संघ के मनोज कौशिक ने दस निगमों के करीब 950 कर्मचारियों को छठे वेतनमान का लाभ अनुमन्य करने की मांग की।
इसके साथ ही सात निगमों के शेष 800 कर्मचारियों की अधिवर्षता आयु 60 वर्ष करने की मांग की गई। डिप्लोमा फार्मेसिस्ट संघ के जीएस भंडारी ने कहा कि लेखा परीक्षा संवर्ग, डिप्लोमा फार्मेसिस्ट, लैब टेक्नीशियन और आप्टोमेट्रिस्ट के वर्तमान ग्रेड पे 2800 रुपये को उच्चीकृत कर 4200 किया जाए। एक्स-रे टेक्नीशियन संघ के सुभाष शर्मा ने स्थानीय निकाय कर्मचारियों को राज्य कर्मचारियों की तरह वेतन ढांचा, वेतन विसंगति, संवर्गों का पुनगर्ठन, भत्ते और अन्य सभी सुविधाएं देने की मांग की। बैठक में ब्रिजेश, आशा मैंसी, सुनैना आलम, सुरेंद्र पाल, विक्रम सिंह, योगेंद्र कुमार, एसके डोभाल, जनेश्वर सिंह, वरुण प्रताप सिंह, सुबोध कुमार धारिया, शमीम अहमद आदि मौजूद रहे।