सहारनपुर। सोशल मीडिया पर कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद को भाजपा में शामिल होने की अफवाह फैलाने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। खुद इमरान मसूद ने एसएसपी से मिलकर आरोपी के विरुद्घ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने इसे विपक्ष की साजिश करार दिया और छवि धूमिल करने वाली हरकत बताया।
इमरान मसूद ने बताया कि एक व्यक्ति ने उनकी फोटो को एडिट कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ जोड़ दिया। इस फोटो में उन्हें योगी आदित्यनाथ के साथ खड़ा होना दिखाया गया है। इसके बाद उक्त व्यक्ति ने उनकी फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल करते हुए लिखा है कि नरेश अग्रवाल के बाद इमरान मसूद बीजेपी में शामिल हो गए हैं। कहा गया है कि योगी आदित्यनाथ ने उन्हें सदस्यता दिलाई है। इमरान ने कहा कि यह हरकत कैराना उप चुनाव के दौरान की गई है, जिसका मकसद विपक्षी दलों को लाभ पहुंचाना हो सकता है। उन्होंने आरोपी के विरुद्घ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की।