सहारनपुर। जिलाधिकारी पीके पांडे ने शुक्रवार को कंपनी बाग का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कंपनी बाग में गंदगी को तुरंत दूर किया जाए। यदि इसकी भूमि पर किसी ने कब्जा किया है तो उसे तत्काल मुक्त कराया जाए। उन्होंने कंपनी बाग की टूटी सड़कों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराए जाने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार व मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन के साथ औद्यानिक प्रयोगशाला एवं प्रशिक्षण केंद्र, कंपनी बाग का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बाग में मनमोहक पुष्प लगाए जाएं, जिससे भ्रमणकारियों के लिए यह अधिक आकर्षण का केन्द्र बनें। उन्होंने पुष्प प्रदर्शनी स्थल, पौधशाला, पुस्तकालय और प्रयोगशालाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकें व अन्य साहित्य को जनसामान्य और शोधार्थियों तक पहुंचाने के लिए इन्हें केंद्र की वेबसाइट पर भी अपलोड कराया जाए। जिलाधिकारी ने पार्क की सड़कों की दशा पर नाराजगी व्यक्त करने पर संयुक्त निदेशक राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि सड़कों की मरम्मत हेतु केंद्र पर पर्याप्त धन उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल की अध्यक्षता में गठित उद्यान विकास समिति द्वारा लिए गए निर्णय अनुसार केंद्र परिसर की सड़कों की मरम्मत का कार्य सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा कराया जाना है। लोक निर्माण विभाग ने इसके लिए अपेक्षित निविदाएं मंगाई जा चुकी है। डीएम ने निर्देश दिया कि केंद्र परिसर में प्रकाश व्यवस्था पीने का पानी की सुविधा सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने कंप्यूटराइजेशन की व्यवस्था, सड़कों को प्रतिदिन साफ सफाई का कार्य, शौचालय की सफाई की व्यवस्था और पार्कों का सुंदरीकरण कार्य करने के भी निर्देश दिए।