देवबंद (सहारनपुर)। दुगचाड़ी मलकपुर में हिंदू जागरण मंच के बैनर तले हुई बैठक में सर्वसमाज के लोगों ने पदमावत फिल्म के खिलाफ विरोध प्रकट किया। साथ ही जनपद में फिल्म के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले 250 लोगों पर मुकदमे दर्ज कराने की कड़ी निंदा भी की गई।
हिंदू जागरण मंच के जिला उपाध्यक्ष चौधरी शेषपाल सिंह ने कहा कि प्रशासन की यह कार्रवाई निंदनीय है। हिंजामं उक्त कार्रवाई का पुरजोर विरोध करता है। उन्हाेंने चेतावनी दी कि दर्ज मुकदमों में पुलिस प्रशासन ने किसी भी युवक का उत्पीड़न अथवा गिरफ्तारी का प्रयास किया तो गंभीर परिणाम झेलने पड़े़ंगे। उन्होंने कहा कि सर्वसमाज पदमावत फिल्म के विरोध में है। जातिगत आधार पर कार्रवाई किया जाना किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा।
नगराध्यक्ष आशु शर्मा ने कहा कि शांतिपूर्वक अहिंसक प्रदर्शन किसी भी अपराध की श्रेणी में नहीं आता। उक्त प्रकरण में अगर जनप्रतिनिधि आवाज बुलंद नहीं करेंगे तो हिंदू जागरण मंच उनका भी सड़कों पर उतरकर विरोध करेगा। अध्यक्षता शेषपाल सिंह व संचालन अनिल आत्रेय ने किया। इस मौके पर अंकित खटीक, कपिल शर्मा, अरूण उपाध्याय, अंकित शर्मा, प्रमोद शर्मा, अंकुर सैनी, अमन गोयल, चौधरी सुशील, मामचंद, उषा चौधरी, अनुज पंवार, कपिल पंवार आदि मौजूद रहे।