गरीब कन्याओं को शादी के लिए मदद की दरकार
सहारनपुर। एक तरफ बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और कन्या भ्रूण हत्या रोकने को लेकर सरकार पूरी तरह सजग है। इसके लिए समय-समय पर अभियान चलाए जाते हैं, लेकिन गरीब कन्याओं के विवाह की शादी अनुदान योजना के तहत दस माह से किसी गरीब कन्या को लाभ नहीं मिला है। इस कारण गरीब परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गरीब कन्याओं के विवाह के लिए सरकार द्वारा शादी अनुदान योजना चलाई गई थी, लेकिन बीते दस माह से इस योजना के अंतर्गत किसी भी कन्या को लाभ नहीं मिल पाया है। यह योजना दस माह से पूरी तरह बंद पड़ी है। इन दस माह में सैकड़ों गरीब परिवारों द्वारा बेटी की शादी के लिए आवेदन किए गए, लेकिन किसी को अभी तक सरकारी सहायता नहीं प्राप्त हुई है। उधर, संबंधित विभागों के अधिकारियों का कहना है कि सरकार ने योजना बंद कर दी है, लेकिन अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि करने कोई तैयार नहीं है। पहले इस योजना के तहत हर माह आवेदन करने वाले गरीब परिवारों को सरकार की ओर से आर्थिक मदद की जाती थी, लेकिन अब ऐसा ना होने से गरीब परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गरीब परिवारों के लोग आए दिन पिछड़ा वर्ग, जिला अल्पसंख्यक विभाग और जिला समाज कल्याण विभाग के चक्कर काटकर थक चुके हैं। उन्हें सही जानकारी भी प्राप्त नहीं हो रही है। मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन का कहना है कि शासन से गाइड लाइन आने पर ही कोई जानकारी दी जा सकती है।