नियमित होंगे डार्क जोन में अनियमित रूप से दिए गए नलकूप कनेक्शन
सहारनपुर। जिले में डार्क जोन के दौरान अनियमित रूप से चलाए जा रहे निजी नलकूपों के कनेक्शनों को नियमित किया जाएगा। इसके लिए 28 फरवरी तक का समय किसानों को दिया गया है। ऐसे लगभ 1500 कनेक्शन चिह्नित हैं। 28 फरवरी तक नियमित न कराए जाने वाले कनेक्शनों पर कार्रवाई की जाएगी।
सहारनपुर को डार्क जोन घोषित किए जाने के दौरान 2012 से 2018 के बीच कुछ ठेकेदारों ने विद्युत निगम के कर्मचारियों से मिलीभगत कर किसानों को गुमराह कर अवैध रूप से निजी नलकूप की लाइनें बना दीं। किसानों से उगाही की जाती रही। अब तक ये लाइनें ऐसे ही चल रहीं हैं। ऐसे कनेक्शनों को विद्युत निगम ने अवैध बता दिया और पेनल्टी भी लगा दी। जिस पर किसानों ने विरोध जताया। ऐसे लगभग 1500 कनेक्शन चिह्नित किए गए। किसानों द्वारा विरोध किए जाने के बाद विद्युत निगम ने ऐसे कनेक्शनों को नियमित कराए जाने की किसानों को समय दे दिया। नियमित कराने के लिए 25 दिसंबर से 28 फरवरी तक का समय निर्धारित कर दिया है। अवैध रूप से बनाई गईं लाईन का सामान एवं ट्रांसफार्मर को नियमित कराने के लिए किसानों को कुल खर्च को 15 प्रतिशत जमा करना पड़ेगा। इसके अलावा आवेदनकर्ता को निगम नियमानुसार निजी नलकूप कनेक्शन लेने के लिए प्रोसेसिंग फीस 100 रुपये, सिक्योरिटी 300 रुपेय प्रति हार्स पावर, सिस्टम लोडिंग चार्जेज 300 रुपये प्रति किलोवाट एवं फिक्स चार्जेज 5000 रुपये (7.5 हार्स पावर व अधिक भार के लिए) जमा कराने होंगे। अधीक्षण अभियंता वीके शर्मा ने बताया कि इस अवधि में जो नलकूप संचालक अपने कनेेक्शन नियमित नहीं कराएगा, उसके खिलाफ विद्युत चोरी एवं विभागीय सामग्री के अवैध रूप से उपयोग में दोषी मानते हुए कानूनी कार्रवाई की जाएगी।