अंबेहटा (सहारनपुर)। करीब एक माह पूर्व हुई लूट के मामले में फरार चल रहे ढायकी गांव की प्रधान के आरोपी पुत्र को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर चालान किया है। इस मामले में नामजद तीसरा आरोपी अभी फरार है।
बता दें कि 19 अक्तूबर को शिव विहार सहारनपुर निवासी विनोद कुमार की पुत्री स्वाति ने नकुड़ थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुबह करीब साढे़ नो बजे वह अपने भाई अंकित व ताऊ बिजेंद्र के साथ बाइक द्वारा सहारनपुर से ढोल्ला माजरा गांव जा रही थी। अंबेहटा नकुड़ रोड पर स्थित गुरुद्वारे के पास पीछे से आई एक गाड़ी मे सवार तीन लोगों ने बाइक को घेरकर अंकित, बिजेंद्र व उसके साथ मारपीट की। शोरशराबा होने पर खेतों में काम कर रहे लोग वहां पहुंचे तो एक व्यक्ति ने स्वाति के गले में पड़ी सोने की चेन खींच ली और फरार हो गए। स्वाति ने एक व्यक्ति को नामजद करते हुए दो अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने स्वाति की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके नामजद किए गए केहर सिंह पुत्र चैन सिह निवासी ढायकी का जेल भेज दिया था। पुलिस ने घटना में प्रयोग की गई गाड़ी को घटना के दो दिन बाद ही ढायकी गांव की प्रधान के घेर से बरामद कर लिया था। पीड़िता की निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम प्रधान के बेटे संजीव चौधरी उर्फ सोनू व जोगेंद्र उर्फ भूरा के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। पुलिस ने मंगलवार की सुबह संजीव चौधरी उर्फ सोनू को अंबेहटा में स्टेट बैंक के पास से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी नकुड मुकेश गौतम ने बताया कि संजीव का चालान कर दिया गया है।