राशन डीलरों ने की आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू
छुटमलपुर (सहारनपुर)। राशन वितरण पर लाभांश और डोर स्टेप डिलीवरी दिलाने सहित विभिन्न मांगों के समर्थन में आल इंडिया फेयर प्राइस शाप डीलर्स फेडरेशन से जुड़े राशन डीलरों ने पांच सितंबर से अपनी दुकानें बंद कर अनिश्चतकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा की है।
यहां पंचायत भवन परिसर में हुई बैठक में फेडरेशन के जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह ने कहा कि लंबे समय से राशन डीलरों का उत्पीड़न हो रहा है। दलाल किस्म के कुछ लोगों की झूठी शिकायतों पर आपूर्ति विभाग के अधिकारी उनका उत्पीड़न कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसे बंद किया जाए। मंडल अध्यक्ष जसबीर सिंह ने कहा कि अन्य राज्यों की भांति राशन वितरण पर दो सौ रुपये प्रति कुंतल लाभांश दिया जाए। उन्होंने इस पर रोष जताया कि विभागीय मंत्री के आश्वासन के बाद भी खाद्य सुरक्षा नियमों के अनुरूप डोर स्टेप डिलीवरी की सुविधा नहीं दी गई है। इसके चलते विक्रेताओं को हर माह भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ती है।
बैठक में पांच सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा करते हुए राशन डीलरों से इसमें सहयोग की अपील की। उन्होंने बताया कि इस दौरान दुकानें बंद रख कर राशन वितरण भी नहीं किया जाएगा। बैठक में ब्लाक अध्यक्ष राव मुकर्रम, ताहिर हसन, मुस्तकीम अहमद, सुनील कुमार, कबूल सिंह, दिलशाद अहमद, बिजेंद्र कुमार, रमेश कुमार, ब्रजपाल सिंह आदि मौजूद रहे।