गंगोह (सहारनपुर)। बाइक सवार को बचाने के चक्कर में श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। दुर्घटना में एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से गंभीर हालत के चलते चार को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
तीतरो कोतवाली अंतर्गत गांव सालियर निवासी अनिल आदि अपने गांव से गांव सलारपुरा में रिश्तेदारी में आयोजित कंदूरी में प्रसाद लेकर वापस लौट रहे थे। ट्रैक्टर-ट्राली में बच्चों एवं महिलाओं सहित लगभग 44 लोग सवार थे। गांव फतेहपुर ढोल्ला के नजदीक पहुंचते ही सामने से आ रही एक बाइक को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। ट्रैक्टर-ट्राली पलटते ही वहां चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़ कर आए और ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला। उधर से आ रहे गांव गांधी नगर के सचिन एवं सालियर के शिवम ने अपने वाहनों में भर कर घायलों 15 वर्षीय सुजीत, 50 वर्षीय सलेलता, शिवम, 12 वर्षीय शिवांगी, 35 वर्षीय कविता, 12 वर्षीय मंजीत, 12 वर्षीय गायत्री, 18 वर्षीय सुजीत, 55 वर्षीय केला आदि घायलों को भर्ती कराया गया। केला, सुजीत एवं मंजीत सहित चार को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।