बिड़वी मिल चलाने के लिए आंदोलन की चेतावनी
अंबेहटा (सहारनपुर)। किसान हित एवं गोसेवा समिति के अध्यक्ष चौधरी कृष्णकांत उर्फ बिट्टू नंबरदार ने कहा बिड़वी मिल को न चलाने का निर्णय लेकर मिल प्रबंधन ने किसानों के साथ बहुत बड़ा धोखा किया है। उन्होंने बताया कि मिल चलवाने की मांग के लिए बुधवार को किसान डीएम कार्यालय पर एकत्र होकर आरपार की लड़ाई का आगाज करेंगे।
सोमवार को बांदूखेड़ी गांव में लाखन सिंह के आवास पर हुई किसानों की पंचायत में चौधरी कृष्णकांत ने कहा कि करीब सात साल से बंद पड़ी बिड़वी मिल को चलवाने के लिए किसान संघर्षरत हैं। मिल प्रबंधन द्वारा मिल चलाने के आश्वासन के बाद प्रबंधन ने हाथ खड़े कर दिए हैं। इससे किसानों में रोष व्याप्त है। उन्होंने बताया कि 10 मई को मिल गेट पर शुरू हुए धरने और अनशन को मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद समाप्त किया गया था।
चौधरी कृष्णकांत ने बताया कि 29 मई को किसान मिल चलवाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी से मिलेंगे। यदि डीएम द्वारा मिल चलवाने के संबंध में कोई ठोस आश्वासन किसानों को नहीं दिया गया तो किसान डीएम कार्यालय पर ही धरना शुरू कर देगें। इसके लिए उन्होंने किसानों को अधिक से अधिक संख्या में डीएम कार्यालय पहुंचने का आहवान किया है। पंचायत में अमर सिंह प्रधान, अनिल, पप्पू प्रधान, भूप सिंह, अंकुश, सुधीर, शिवचरण, सुभाष, वेदपाल, चरण सिंह, मुर्तजा, धर्मपाल, अनूप सिंह, नीटू, लाखन सिंह, भोपाल सिंह आदि किसान शामिल रहे।