सहारनपुर। राज्य खाद्य आयोग उत्तर प्रदेश अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने कहा कि उच्च गुणवत्ता का खाद्यान्न उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। राशन की कालाबाजारी पर पूरी तरह अंकुुश लगा दिया गया है। 98 फीसदी राशन कार्ड आधार कार्ड से लिंक किए जा चुके हैं।
बुधवार को अध्यक्ष नंद किशोर ने सर्किट हाउस में जिलापूर्ति विभाग के कार्यों की समीक्षा की। पत्रकार वार्ता में उन्होंने बताया कि 98 प्रतिशत राशन कार्डों को आधार कार्ड से लिंक कर दिया गया है। सहारनपुर मंडल के तीनों जिलों में जिला पूर्ति विभाग ने अच्छा काम किया है। उपभोक्ताओं को तीन रुपये किलो चावल, दो रुपये किलो गेहूं और अंतोदय अन्न योजना में 35 किलो अनाज दिया जा रहा है। अगर कोई राशन डीलर मनमानी करता है तो उसकी शिकायत उपभोक्ता खाद्य आयोग से करे, जिसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। पोर्टल पर उन्हें बीते वर्ष में 160 शिकायतें मिली थी, जिनमें से 110 का निस्तारण कर दिया गया।
सरकार द्वारा ऐसी व्यवस्था की गई है, जिसमें परिवार का कोई भी सदस्य पीओएस मशीन पर अंगूठा मैच कराकर राशन डीलर के यहां से खाद्यान्न ले सकता है। आयोग के सदस्य डा. मो. इस्माइल, आयुक्त खाद्य मदन यादव और जिलापूर्ति अधिकारी सतीश मिश्र मौजूद रहे।