सहारनपुर । ग्राम चकहरेटी निवासी सुशील कुमार ने बेटी के हत्यारोपियों पर मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाने एवं जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
सुशील का आरोप है कि उसकी बेटी की शादी सरसावा के बीदपुर निवासी प्रवीण के साथ हुई थी। जिसके नौ वर्ष की एक लड़की और छह वर्ष का एक लड़का है। उसकी बेटी के ससुराल वाले उसकी बेटी को परेशान करते थे। 23 मार्च 2018 को ससुरालियों ने उसकी बेटी का गला घोंटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पति प्रवीण, चचिया ससुर चंद्रभान, जेठ गुलाब सिंह, जेठानी राकेश देवी को नामजद किया था। लेकिन पुलिस ने अभी तक सिर्फ प्रवीण को ही गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों को अभी तक नहीं पकड़ा गया है। अन्य आरोपी उसे मुकदमा वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इस मामले में सुशील कुमार ने डीआईजी को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है।