ट्रक की टक्कर से कार पलटी, तीन महिलाओं समेत चार घायल
देवबंद (सहारनपुर)। सहारनपुर मुजफ्फरनगर मार्ग पर टाटा 407 की टक्कर से होंडा सिटी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इसमें तीन महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से दो को नाजुक हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रविवार को गाजियाबाद के डासना निवासी कनीज पत्नी इलियास परिवार की महिला जरीना पत्नी शमशाद को साथ लेकर अपनी कार द्वारा सहारनपुर किसी काम से आई थी। कार दिलशाद चला रहा था। देर रात्रि करीब साढ़े ग्यारह बजे वह वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान उन्होंने रास्ते में वाहन का इंतजार कर रही मोहन नगर निवासी पुष्पा पत्नी रामनाथ को भी लिफ्ट दी। जब वह सहारनपुर मुजफ्फरनगर मार्ग स्थित राणा गैस एजेंसी के समीप पहुंचे तो सामने से आए तेज गति ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। जिसमें कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इससे उनमें चीख पुकार मच गया। शोर सुनकर वहां पहुंचे लोगों ने बमुश्किल कार में फंसे चालक दिलशाद, जरीना, कनीज और पुष्पा को बाहर निकालते हुए पुलिस को घटना की जानकारी दी। बाद में पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत के चलते जरीना और पुष्पा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया।