सहारनपुर। उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन ने कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर स्टेशन परिसर में प्रदर्शन किया। यूनियन के पदाधिकारियों ने एक अधिकारी पर गैंगमेनों को बरगलाकर धरना प्रदर्शन कराए जाने का भी आरोप लगाया है।
बुधवार को उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन के पदाधिकारी रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर एकत्रित हुए और समस्याओं का निराकरण नहीं होने के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने एक कर्मचारी पर कार्यालयों का माहौल खराब करने का भी आरोप लगाया। शाखा सचिव रामप्रीत ने आरोप लगाया कि 10 मार्च को कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की। बाद में आरोपी के परिजनों ने आकर गलती मान ली और कार्यालय के ही एक कर्मचारी द्वारा षड्यंत्र करके झगड़ा करने की बात कही। लेकिन कर्मचारी होने के चलते किसी का नुकसान करना उन्होंने उचित नहीं समझा।
इसके बाद 30 अप्रैल को अवकाश होने के बावजूद एक अधिकारी ने खान आलमपुरा यार्ड से लेकर मुस्तफाबाद तक के सभी गैंगमैनों को काम के बहाने बुलाकर गेट मीटिंग कर ली और उनसे नारेबाजी कराई। जिससे यूनियन में आक्रोश है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से मामले की जांच कराकर कार्रवाई कराए जाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो बड़े स्तर पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
एसएस वालिया ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण किया जाए। एनपीएस स्कीम को तुरंत बंद किया जाए, पुरानी पेंशन स्कीम बहाल की जाए, ठेकेदारी प्रथा बंद की जाए, खाली पदों को तुरंत भरा जाए, गेटमैनों की ड्यूटी सिर्फ आठ घंटे की जाए, जो ट्रैक मैन रात को पेट्रोलिंग ड्यूटी करते हैं, उनको रात्रि ड्यूटी भत्ता दिया जाए, सहारनपुर में ड्राइवरों एवं गार्डों को शार्ट ट्रिप के लिए 120 किलोमीटर दिए जाएं।
प्रदर्शन करने वालों में अजय सिंह, अतुल पाराशर, महेश शर्मा, मनमोहन सिंह, सैनपाल, शशि कुमार, विजय कश्यप, शिवचरण, सुभाष चंद, उपेंद्र गुप्ता, संजय सिंह, मुकेश कुमार, अशोक कुमार, संजय यादव, धर्मेंद्र शामिल रहे।