चिलकाना (सहारनपुर)। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रंखला झंकार में स्कूली बच्चों ने एक से बढ़ कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
सुलतानपुर स्थित नव जनोदय इण्टर कालेज में आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि खण्ड विकास अधिकारी सरसावा आरपी शर्मा, कार्यवाहक थानाध्यक्ष प्रेमप्रकाश शर्मा तथा समाजसेवी बाल कृष्ण शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सरस्वती वंदना से शुरू हुए कार्यक्रम में छात्र छात्राओं ने देश भक्ति गीत, हास्य नाटक, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर नाटक, राजस्थानी नृत्य, मिमिक्री आदि प्रस्तुत किए। इकरा तथा साक्षी द्वारा प्रस्तुत मैं इंग्लिश मीडियम में पढ़ी, वर्षा तथा शिवम द्वारा प्रस्तुत तू राजा की छोरी, सिमरन तथा रितिका द्वारा प्रस्तुत तिनका तिनका लाडली गुप डांस ने सभी को प्रभावित किया।
मुख्य अतिथि बीडीओ सरसावा आरपी शर्मा ने कहा कि बच्चों को पढ़ाई लिखाई के साथ साथ अन्य गतिविधियों में शामिल होकर प्रतिभा विकसित करनी चाहिए। थाना प्रभारी प्रेमप्रकाश शर्मा ने कहा कि बच्चों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों को देखकर उनकी प्रतिभा का पता चलता है। बालकृष्ण शर्मा, राजीव भारद्वाज, प्रधानाचार्य श्यामकुमार सैनी ने भी विचार व्यक्त किए। वहीदा रहमान तथा लवी त्यागी के निर्देशन में हुए कार्यक्रम का संचालन मनोज सैनी ने किया। इस दौरान धीरज सिंह, पदम कुमार, सुनील कुमार, इन्तजार बेग, अनिल कुमार, विनोद कुमार, बिजेन्द्र सिंह आदि मौजूद थे।